Oct 18, 2024
HIMACHAL

पीरियड आधार भर्ती होंगे 2600 शिक्षक

पहली कक्षा में दाखिले के लिए आयु सीमा में छूट, पीरियड आधार भर्ती होंगे 2600 शिक्षक

हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक शुक्रवार को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए हैं।  राज्य सरकार स्कूलों और कॉलेजों में पीरियड आधार पर 2,600 शिक्षक भर्ती करेगी। राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में दुर्गम, जनजातीय सहित तमाम क्षेत्रों में रिक्तियों को भरने के लिए यह फैसला किया गया। इनमें जेबीटी शिक्षकों के 1,600, स्कूल और कॉलेज प्रवक्ता के 1,000 पद भरे जाएंगे।

मंत्रिमंडल की बैठक में प्रारंभिक एवं उच्च शिक्षा विभाग में ‘वार्षिक पीरियड आधार गेस्ट टीचर’ को सैद्धांतिक मंजूरी दी गई। इन पदों को भरने के लिए जमा दो में परीक्षा में 75 फीसदी से ज्यादा नंबर वाले पात्र होंगे। जेबीटी में टेट में 65 प्रतिशत नंबर जरूरी होंगे। जबकि कॉलेज कैडर के लिए नेट या सेट उत्तीर्ण अभ्यर्थी ही पात्र होंगे। पीरियड आधार पर स्कूलों में प्रति पीरियड 200, 250 और कॉलेज में 300 रुपये दिए जाएंगे। रोजाना अधिकतम चार पीरियड होंगे। काउंसलिंग के बाद मेरिट आधार पर स्टेशन छांटने का भी विकल्प मिलेगा।

 

कैबिनेट ने प्राथमिक विद्यालयों में पहली कक्षा में दाखिला लेने के लिए आयु सीमा में छह माह की छूट देने का भी निर्णय किया है। यानी इस सत्र में साढ़े पांच साल की उम्र के बच्चे भी दाखिल होंगे। नर्सरी में तीन साल, एलकेजी में चार साल और यूकेजी में पांच साल से अधिक उम्र वाले बच्चे ही दाखिल होंगे। बैठक में मातृत्व लाभ अधिनियम 1962 के अंतर्गत शिक्षा विभाग में कार्यरत महिला कुक-सह हेल्पर को 180 दिन का मातृत्व अवकाश प्रदान करने को मंजूरी दी गई। यह लाभ दो से कम जीवित बच्चों वाली महिलाओं को ही देय होगा।

वेब न्यूज चैनल, वेब पोर्टल का एंपैनलमेंट होगा
मंत्रिमंडल ने न्यूज वेब पोर्टल के लिए हिमाचल प्रदेश डिजिटल पॉलिसी को भी स्वीकृति दी। जितने भी वेब न्यूज चैनल, वेब पोर्टल, सोशल मीडिया आदि होंगे, उनका एंपैनलमेंट होगा।

सभी पैरामीटरों का इसके लिए ध्यान रखेंगे। पंजीकरण की फीस कितनी होगी और इसका क्या तरीका होगा, यह सब तय किया जाएगा।

σ

बजट सत्र फरवरी में होगा, पटवारी की भर्ती जिला कैडर में होगी
राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में बजट सत्र पर भी चर्चा की गई। यह सत्र फरवरी में प्रस्तावित है। इस बार लोक सभा चुनाव को सामने देखकर यह सत्र जल्दी बुलाया जा रहा है। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि 12 या 13 फरवरी से बजट सत्र शुरू किया जाना संभावित है। राज्य मंत्रिमंडल ने पटवारी के 874 पद जिला कैडर से ही भरने का फैसला लिया। पहले इन्हें राज्य कैडर से भरा जाना था।

 

127 पदों को भरने की मंजूरी, सुजानपुर अस्पताल की बिस्तर क्षमता बढ़ाई
मंत्रिमंडल ने लोक निर्माण विभाग में कनिष्ठ अभियंता (सिविल) के 40 पद और कनिष्ठ तकनीशियन (वर्क इंस्पेक्टर) के 25 पद, जल शक्ति विभाग में वर्क इंस्पेक्टर के 20 पद, राजस्व प्रशिक्षण संस्थान जोगिंद्रनगर  में विभिन्न श्रेणियों के 7 पद व सैनिक कल्याण विभाग में विभिन्न श्रेणियों के 5 पद भरने को स्वीकृति प्रदान की। बैठक में हमीरपुर जिला में 50 बिस्तर क्षमता के नागरिक अस्पताल सुजानपुर को 100 बिस्तर क्षमता के नागरिक अस्पताल में स्तरोन्नत करने तथा यहां पर विभिन्न श्रेणियों के 35 पद सृजित कर भरने को स्वीकृति प्रदान की गई।